उत्तर प्रदेश: (Lucknow)लखनऊ विश्वविद्यालय में बवाल हो गया है। फ्रीजर, वाटर कूलर, एसी खराब होने का आरोप लगाते हुए छात्र वीसी ऑफिस पहुंच गए। वे जबरदस्ती चैनल खोलते हुए अंदर घुस गए। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों से उनकी नोकझोंक हुई।
दोपहर 12 बजे के आसपास ABVP से जुड़े छात्रों ने प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने वीसी को जनरल डायर भी कहा। इसके बाद करीब 2 बजे सपा छात्र सभा से जुड़े छात्रों ने भी प्रदर्शन कर दिया। वे भी पानी, एसी, फीस बढोत्तरी की समस्या को लेकर वीसी से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्हें मिलने नहीं दिया गया।
ABVP के छात्र भड़के गैलरी में ताला लगाने पर –
लखनऊ विश्वविद्यालय में ABVP के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में पीने का पानी खराब है और उसका टीडीएस 500 तक पहुंच गया है, जो बिल्कुल भी पीने योग्य नहीं है। इसके अलावा छात्रों ने फीस बढ़ोतरी को लेकर भी नाराजगी जाहिर करते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन जारी रखा। विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर छात्रों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
‘जरनल डायर जैसे रवैया छात्रों के साथ ‘
प्रदर्शन कर रहे उत्कर्ष सिंह ने कहा कि नए कुलपति जब से आए हैं, विश्वविद्यालय को प्राइवेट मोड में ले आए हैं। ऐसा लगता है कि जनरल डायर की यूनिवर्सिटी है। यहां पढ़ने वाले छात्र बहुत पैसे वाले घर से नहीं आते हैं, आर्थिक रूप से कमजोर घरों से आते हैं। अगर बहुत अमीर होते तो किसी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में जाते। मगर विश्वविद्यालय प्रशासन को इन सब चीजों से कोई मतलब नहीं है। 50% तक फीस में वृद्धि हो रही है जिसका हम लोग विरोध कर रहे हैं, और जब तक यह वापस नहीं हो जाएगा विरोध जारी रहेगा।
