दिल्ली: भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी को संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE ने सलाम किया है। फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बड़े हादसे से बचाने वाले कैप्टन स्मित को UAE के प्रतिष्ठित ‘जायद II फर्स्ट क्लास’ सम्मान से नवाजा गया। इस खास मौके पर UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उन्हें गले लगाकर सम्मानित किया। वहीं, दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने कैप्टन स्मित को UAE की पहचान बताया।
यह सम्मान उस असाधारण साहस के लिए दिया गया, जिसने 180 लोगों की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के को-पायलट ने कॉकपिट के भीतर कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला कर दिया। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि हमलावर ने इमरजेंसी कुल्हाड़ी से कैप्टन के सिर पर कई वार किए और विमान को क्रैश कराने की कोशिश की। इसके बावजूद कैप्टन ने मुश्किल हालात में हिम्मत नहीं हारी और आपात स्थिति का संकेत भेजा। विमान में मौजूद अन्य पायलटों और क्रू सदस्यों ने मोर्चा संभाला और हमलावर को काबू किया।
हालात गंभीर होने के कारण विमान का रास्ता बदला गया और सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया पर कैप्टन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी के प्रति प्रतिबद्धता की मिसाल पेश की है।
यह सम्मान केवल एक पायलट की बहादुरी का प्रतीक नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस की वैश्विक पहचान भी है।
