सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट तान्या मित्तल एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में तान्या ने अपनी पर्सनल लाइफ, रिश्तों और भविष्य के पार्टनर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें अमीर पति की तलाश नहीं है, बल्कि वह खुद इतनी आर्थिक रूप से सक्षम बनना चाहती हैं कि अपने जीवनसाथी की हर जरूरत आसानी से पूरी कर सकें।
पिंकविला को दिए इंटरव्यू में तान्या ने कहा कि वह अपने रिश्तों में पूरी तरह समर्पित रहती हैं। उनके अनुसार, अगर वह किसी से प्यार करती हैं तो उसके लिए सब कुछ देने को तैयार रहती हैं। तान्या ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ेगा कि उनके पति के पास कितना पैसा है या नहीं है। उनकी इच्छा है कि वह खुद इतनी सफल और आर्थिक रूप से मजबूत बनें कि यदि उनका पार्टनर रोज सुबह उनसे 10 से 15 लाख रुपए मांगे, तो वह बिना किसी परेशानी के उसे यह रकम दे सकें। 
तान्या का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता का उदाहरण मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे एक अलग सोच के रूप में देख रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो तान्या मित्तल जल्द ही कॉमेडी और कुकिंग रियलिटी शो ‘मां है ना’ में नजर आने वाली हैं। इस शो में वह अपनी मां सुनीता मित्तल के साथ दिखाई देंगी। हाल ही में शो के प्रमोशनल इवेंट के दौरान उनकी और स्प्लिट्सविला X6 विजेता गुल्लू उर्फ कुशल तंवर के बीच हुई नोकझोंक भी काफी चर्चा में रही थी।
इसके बाद तान्या ने सोशल मीडिया पर बिना किसी का नाम लिए ‘मेल ईगो’ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ लोग आत्मनिर्भर और मजबूत महिलाओं को स्वीकार नहीं कर पाते। उन्होंने साफ कहा कि वह अपनी मेहनत, सफलता और पहचान के दम पर आगे बढ़ती रहेंगी और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
