Google Gemini का नया ‘डिजिटल अवतार’ फीचर: अब बिना कैमरे के बनेंगे आपके वीडियो

नई दिल्ली : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में एक और बड़ा कदम उठाते हुए Google ने अपने एआई प्लेटफॉर्म Google Gemini में ‘डिजिटल अवतार’ नाम का नया फीचर पेश किया है। इस फीचर की मदद से अब यूजर्स अपना डिजिटल क्लोन तैयार कर सकते हैं और बिना कैमरे के सामने आए प्रोफेशनल वीडियो बना सकते हैं। खास बात यह है कि यह अवतार यूजर के चेहरे, हावभाव और आवाज को काफी हद तक रियलिस्टिक तरीके से रिप्लिकेट करता है।

इस फीचर को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को gemini की वेबसाइट पर जाकर ‘+’ बटन के जरिए ‘Avatar’ विकल्प चुनना होता है। इसके बाद एक क्यूआर कोड स्कैन कर मोबाइल पर फेस रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होती है, जिसमें अलग-अलग एंगल से चेहरा दिखाना और कुछ नंबर बोलना शामिल है। इस प्रक्रिया के बाद सिस्टम एक सटीक डिजिटल मॉडल तैयार कर देता है, जो यूजर के जीमेल यूजरनेम के नाम से सेव हो जाता है।

अवतार बनने के बाद यूजर्स केवल एक सिंपल प्रॉम्प्ट लिखकर वीडियो तैयार कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी का यूजरनेम @aryan है, तो वह लिख सकता है—“Create a video of @aryan walking on London streets।” इसके बाद एआई उसी अवतार के साथ वीडियो जनरेट कर देगा। हालांकि, फिलहाल एक समय में केवल एक ही ह्यूमन कैरेक्टर को सपोर्ट किया जाता है।

यह फीचर फिलहाल ‘AI Pro’ और ‘Ultra’ सब्सक्रिप्शन यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिसकी कीमत भारत में लगभग 1950 रुपये प्रति माह है। हालांकि, Reliance Jio और Bharti Airtel जैसे टेलीकॉम ऑपरेटर्स अपने ग्राहकों को सीमित समय के लिए इसका मुफ्त एक्सेस भी दे रहे हैं।

आने वाले समय में यह तकनीक कंटेंट क्रिएशन, व्लॉगिंग और वीडियो कॉलिंग की दुनिया को पूरी तरह बदल सकती है, जहां लोग खुद की जगह अपने डिजिटल अवतार का इस्तेमाल करते नजर आएंगे।

Related posts