दिल्ली: यह सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। मेटा ने अपने लोकप्रिय प्लेटफॉर्म्स व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए नए सब्सक्रिप्शन आधारित ‘प्लस’ वर्जन पेश करने की घोषणा की है। इन नए प्लान्स के जरिए यूजर्स को कई ऐसे प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे, जो अब तक सामान्य यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं थे। कंपनी का कहना है कि यह कदम विज्ञापनों पर निर्भरता कम करने और नए राजस्व स्रोत विकसित करने की रणनीति का हिस्सा है।
इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस में यूजर्स अपनी पसंद के लोगों की कई अलग-अलग लिस्ट बना सकेंगे। अब केवल एक ‘क्लोज फ्रेंड्स’ लिस्ट तक सीमित रहने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि स्टोरी 24 घंटे बाद अपने आप गायब नहीं होगी, बल्कि यूजर्स उसे अधिक समय तक अपनी प्रोफाइल पर रख सकेंगे। साथ ही किसी स्टोरी को हफ्ते में एक बार स्पॉटलाइट कर उसे ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की सुविधा भी मिलेगी।
नए प्लान में यूजर्स दूसरों की स्टोरी गुप्त रूप से देख सकेंगे और उनका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा। वहीं प्रोफाइल को आकर्षक बनाने के लिए नए फॉन्ट्स, सुपर हार्ट रिएक्शन और कस्टम ऐप आइकॉन जैसे विकल्प भी दिए जाएंगे।
व्हाट्सएप प्लस में थीम्स, कस्टम रिंगटोन, अतिरिक्त पिन चैट्स, प्रीमियम स्टिकर्स और बेहतर चैट मैनेजमेंट जैसे फीचर्स शामिल होंगे। मेटा एआई के लिए भी अलग-अलग पेड प्लान लाए जा रहे हैं, जिनमें एडवांस इमेज और वीडियो जनरेशन की सुविधा मिलेगी। हालांकि भारत में इन सेवाओं की लॉन्चिंग तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन देश कंपनी का सबसे बड़ा बाजार होने के कारण जल्द ही इन फीचर्स के यहां आने की उम्मीद जताई जा रही है।
