Allahabad HC Vacancy 2026: स्नातकों के लिए सुनहरा मौका, इलाहाबाद हाई कोर्ट में RO-ARO समेत 543 पदों पर भर्ती

उत्तर प्रदेश: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने समीक्षा अधिकारी (RO), सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) और कंप्यूटर सहायक (CA) के कुल 543 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी NTA द्वारा किया जाएगा।

भर्ती अभियान के तहत समीक्षा अधिकारी के 138 पद, सहायक समीक्षा अधिकारी के 380 पद और कंप्यूटर सहायक के 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 1 जून 2026 से 21 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 जून 2026 निर्धारित की गई है।

योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही कंप्यूटर साइंस में डिग्री या डिप्लोमा, NIELIT/DOEACC का ‘O’ लेवल या CCC प्रमाणपत्र होना जरूरी है। अभ्यर्थियों को कंप्यूटर संचालन, डेटा एंट्री और वर्ड प्रोसेसिंग का ज्ञान भी होना चाहिए। अंग्रेजी टाइपिंग की न्यूनतम गति 25 शब्द प्रति मिनट निर्धारित की गई है।

आयु सीमा के अनुसार RO और ARO पदों के लिए उम्मीदवार की उम्र 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं कंप्यूटर सहायक पद के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है।

सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये रखा गया है। जबकि एससी, एसटी और अन्य आरक्षित वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को 1000 रुपये शुल्क देना होगा।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को इलाहाबाद हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।

Related posts