भारत में विदेशियों के रहने के नियमों में बड़ा बदलाव, रजिस्ट्रेशन और अपील प्रक्रिया हुई आसान

न्यू दिल्ली : भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए देश में रहने से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किए हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जारी इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स (संशोधन) नियम, 2026 के तहत अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को अधिक लचीला और पारदर्शी बनाया गया है। नए नियमों के अनुसार, विदेशी नागरिक अब भारत में 180 दिन पूरे होने से पहले ही किसी भी समय अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे, जबकि पहले यह अनिवार्य था कि 180 दिन पूरे होने के बाद 14 दिन के भीतर रजिस्ट्रेशन कराया जाए।

सरकार का मानना है कि इस बदलाव से प्रशासनिक प्रक्रिया सरल होगी और विदेशी नागरिकों को अनावश्यक देरी या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही पहली बार ऑनलाइन अपील का प्रावधान भी जोड़ा गया है। अब यदि कोई विदेशी नागरिक किसी आदेश से असंतुष्ट है, तो वह ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के आयुक्त के पास 30 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपील कर सकता है। आयुक्त को मामले की सुनवाई के बाद 60 दिनों के भीतर निर्णय लेने का प्रयास करना होगा।

बच्चों की नागरिकता से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया गया है। यदि माता-पिता में से एक भारतीय नागरिक है और वह बच्चे की भारतीय नागरिकता बनाए रखना चाहता है, तो ऐसे बच्चों पर विदेशी रजिस्ट्रेशन के नियम लागू नहीं होंगे। वहीं, यदि भारत में रह रहा कोई बच्चा किसी अन्य देश की नागरिकता प्राप्त करता है, तो उसके माता-पिता को 30 दिनों के भीतर इसकी सूचना संबंधित अधिकारी को देनी होगी।

ये सभी बदलाव इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत किए गए हैं, जिसका उद्देश्य पुराने कानूनों को एकीकृत कर आधुनिक और प्रभावी व्यवस्था लागू करना है। नए नियमों से भारत में विदेशी नागरिकों के लिए प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और डिजिटल हो जाएगी।

Related posts