न्यू दिल्ली : नई दिल्ली, इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी आईबीजेए के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत में पिछले एक हफ्ते के दौरान 2,225 रुपए प्रति 10 ग्राम की कमी आई है। 30 मई को जहां सोना 1 लाख 56 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था, वहीं अब इसकी कीमत घटकर करीब 1 लाख 54 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई है। 
चांदी की बात करें तो इसमें भी नरमी देखने को मिली है। एक किलो चांदी की कीमत 2 लाख 63 हजार रुपए से घटकर 2 लाख 57 हजार रुपए पर पहुंच गई है। यानी इस दौरान चांदी 6,442 रुपए प्रति किलो सस्ती हुई है। हालांकि, साप्ताहिक गिरावट के बावजूद साल 2026 में दोनों कीमती धातुओं ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक सोना करीब 21 हजार रुपए और चांदी लगभग 27 हजार रुपए महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1 लाख 33 हजार रुपए थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 54 हजार रुपए के आसपास पहुंच गई है। वहीं चांदी की कीमत 2 लाख 30 हजार रुपए प्रति किलो से बढ़कर 2 लाख 57 हजार रुपए प्रति किलो हो गई है। इसी वर्ष 29 जनवरी को सोने ने 1 लाख 76 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3 लाख 86 हजार रुपए प्रति किलो का ऑलटाइम हाई स्तर भी छुआ था।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना खरीदते समय ग्राहकों को हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए। साथ ही खरीदारी से पहले अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से कीमत की जांच करना भी जरूरी है, ताकि सही मूल्य पर निवेश किया जा सके।
