पाकिस्तान को हराकर भारत U-18 हॉकी एशिया कप के फाइनल में, आशीष तानी पुर्ति के 4 गोल से ऐतिहासिक जीत

जापान : जापान के काकामिगाहारा में खेले गए अंडर-18 हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में शानदार जगह बना ली। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, क्योंकि तीसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी। हालांकि, आखिरी 15 मिनट में भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागे और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो आशीष तानी पुर्ति रहे, जिन्होंने अकेले चार गोल किए। पहले क्वार्टर के 12वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर उन्होंने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में वापसी करते हुए अदील के गोल की बदौलत हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में शाहरुख अली ने भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन पाकिस्तान ने तुरंत जवाब देते हुए दो गोल दागे और 3-2 से आगे निकल गया। मैच भारत के हाथ से निकलता हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 49वें मिनट में आशीष ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर किया। इसके बाद 53वें मिनट में उन्होंने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। मैच खत्म होने से चार मिनट पहले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष ने चौथा गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

भारत अब फाइनल में जापान से भिड़ेगा। गौरतलब है कि टूर्नामेंट में भारत को अब तक केवल जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में फाइनल मुकाबला भारतीय टीम के लिए बदला लेने और खिताब जीतने का सुनहरा मौका होगा।

Related posts