उत्तराखंड: कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में हुई बैठक

उत्तराखंड: हरिद्वार जनपद में कुंभ मेला-2027 के सुरक्षित एवं सफ़ल आयोजन को लेकर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मेला प्रशासन, उत्तराखंड पुलिस, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें संभावित आपदा जोखिमों, भीड़ प्रबंधन, निकासी योजना, सुरक्षा व्यवस्थाओं, और विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेला अधिकारी, सोनिका, ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मेला प्रशासन सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहा है। प्रत्येक सेक्टर में आपदा प्रबंधन संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन निकासी मार्गों का विकास, संवेदनशील स्थलों की पहचान, संचार तंत्र की मज़बूती, तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। NDMA के सलाहकार, कर्नल कीर्ति प्रताप सिंह, ने कहा कि कुंभ मेला-2027 जैसे विशाल आयोजन में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए बहुस्तरीय एवं व्यापक तैयारियाँ आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ को सुरक्षित एवं आपदा-सहिष्णु आयोजन बनाने के लिए पूर्व अनुभवों और सर्वाेत्तम व्यवस्थाओं का लाभ लिया जाएगा। SSP, कुंभ मेला, आयुष अग्रवाल, ने प्रस्तावित सुरक्षा एवं ट्रैफ़िक प्रबंधन व्यवस्था का प्रस्तुतीकरण करते हुए विभिन्न संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने की रणनीति साझा की। उन्होंने बताया कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान सेक्टर-आधारित प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी।

Related posts