इकाना स्टेडियम की होगी जांच! LDA की समिति 15 दिन में देगी रिपोर्ट, अनुबंध उल्लंघन पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश: लखनऊ के प्रतिष्ठित इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण यानी एलडीए ने स्टेडियम और उससे जुड़ी स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना की जांच के आदेश दिए हैं। एलडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर एक विशेष समिति का गठन किया गया है, जिसे 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी।

एलडीए द्वारा जारी आदेश के अनुसार, समिति यह जांच करेगी कि स्टेडियम प्रशासन अनुबंध की शर्तों का सही तरीके से पालन कर रहा है या नहीं। इसके अलावा स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव, आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाएं और संचालन व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की जाएगी।

समिति में अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता को सदस्य सचिव और संयोजक बनाया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि समिति की बैठक जल्द आयोजित कर जांच प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्टेडियम और उससे जुड़ी परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे।

एलडीए अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि कंसेशन एग्रीमेंट यानी अनुबंध में तय सभी नियमों और शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

हालांकि, इकाना स्टेडियम प्रबंधन ने इस मामले में अपनी सफाई भी दी है। स्टेडियम प्रबंधक गौरव सिंह का कहना है कि यह समिति केवल इकाना स्टेडियम के लिए नहीं बनाई गई है। उनके अनुसार, एलडीए ने पूरे लखनऊ में विभिन्न परियोजनाओं, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सर्वेक्षण और अनुपालन जांच के लिए यह समिति गठित की है।

अब सभी की नजरें समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं। 15 दिनों बाद आने वाली रिपोर्ट से यह साफ हो सकेगा कि इकाना स्टेडियम की व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप हैं या फिर किसी स्तर पर सुधार और कार्रवाई की आवश्यकता है।

Related posts