3/20/30/40 रूल से करें घर खरीदने की तैयारी, समझदारी से लें अपना पहला होम लोन

न्यू दिल्ली : घर खरीदना हर किसी के जीवन का बड़ा सपना होता है, लेकिन बिना सही वित्तीय योजना के यही सपना आगे चलकर आर्थिक दबाव भी बन सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पहली बार घर खरीदने वालों के लिए 3/20/30/40 रूल एक बेहतर गाइडलाइन साबित हो सकता है। यह नियम बताता है कि कितनी कीमत का घर लेना चाहिए, कितना लोन लेना चाहिए और ईएमआई को कैसे मैनेज करना चाहिए।

इस नियम के अनुसार सबसे पहले ध्यान रखना चाहिए कि घर की कीमत आपकी सालाना आय के तीन गुना से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। उदाहरण के लिए अगर किसी व्यक्ति की सालाना कमाई 12 लाख रुपए है तो उसे करीब 36 लाख रुपए तक के घर की योजना बनानी चाहिए। इससे घर खरीदने के बाद भी आर्थिक संतुलन बना रहता है।

इस रूल का दूसरा हिस्सा 20 साल के लोन से जुड़ा है। कोशिश करनी चाहिए कि होम लोन की अवधि 20 साल या उससे कम हो, ताकि कर्ज जल्दी खत्म हो और लंबे समय तक ब्याज का बोझ न उठाना पड़े।

तीसरा नियम कहता है कि घर की ईएमआई आपकी मासिक आय के 30 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अगर आपकी महीने की कमाई एक लाख रुपए है तो ईएमआई करीब 30 हजार रुपए तक रखना बेहतर माना जाता है। इससे रोजमर्रा के खर्च और बचत के लिए पैसा बचा रहता है।

वहीं 40 प्रतिशत डाउन पेमेंट का नियम बताता है कि घर की कीमत का बड़ा हिस्सा पहले से जमा करना फायदेमंद होता है। जैसे 50 लाख रुपए के घर के लिए करीब 20 लाख रुपए डाउन पेमेंट करने से लोन की राशि कम होगी और ब्याज भी घटेगा।

देश के कई बैंक होम लोन पर 8 प्रतिशत से कम ब्याज दर की पेशकश कर रहे हैं। SBI समेत कई बैंक ग्राहकों को आकर्षक दरों पर होम लोन उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में सही प्लानिंग के साथ घर खरीदना भविष्य को सुरक्षित बना सकता है।

Related posts