लखनऊ में मोबाइल की किस्त के लिए युवक का खून निकलवाने का आरोप

Lucknow: लखनऊ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल की किस्त के पैसे नहीं देने पर एक युवक को जबरन घर से उठाया गया, पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और उससे मजदूरी कराई गई। इतना ही नहीं, युवक का एक यूनिट खून निकलवाने का भी आरोप है।

मामला निगोहां थाना क्षेत्र के राजारामखेड़ा गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित के बड़े भाई राजकुमार के मुताबिक, करीब एक साल पहले निगोहां कस्बे की एक मोबाइल दुकान से 21 हजार 500 रुपए का सैमसंग फोन जीरो डाउन पेमेंट पर खरीदा गया था। इसकी 12 महीने की किस्त 2,799 रुपए तय हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि 8 सितंबर को दो लोग स्कूटी से गांव पहुंचे और युवक को जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि उसे एक ब्लड बैंक ले जाकर एक यूनिट खून निकलवाया गया। इसके बाद सदर इलाके के एक मकान में पांच दिन तक बंधक बनाकर उससे जबरन मजदूरी कराई गई।

इसी दौरान आरोपियों ने युवक के बड़े भाई से फोन की किस्त के 2,799 रुपए ऑनलाइन मंगवाए। लेकिन पैसे मिलने के बाद भी युवक को नहीं छोड़ा गया। आरोपियों ने कथित तौर पर 12 हजार रुपए और मांगे और पैसे नहीं देने पर युवक को जान से मारकर गोमती नदी में फेंकने की धमकी दी।

परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद युवक को छुड़ाया गया। हालांकि परिजनों का आरोप है कि थाने में शिकायत करने पर उन्हें कार्रवाई के बजाय डराया गया।

मामला डीसीपी कार्यालय पहुंचा, जहां डीसीपी मोहम्मद मुश्ताक ने थाना प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस की कथित लापरवाही की जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

अब सवाल है कि मोबाइल की एक किस्त के विवाद में क्या किसी युवक को जबरन उठाकर बंधक बनाना, मजदूरी कराना और खून निकलवाना जैसी हरकत की गई? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Related posts