दिल्ली: भारत में इलेक्ट्रिक वाहन बाजार को नई रफ्तार देने के लिए टेस्ला ने अपनी नई Model YL की डिलीवरी शुरू कर दी है। यह कंपनी की सबसे लंबी और ज्यादा स्पेस वाली इलेक्ट्रिक SUV है, जिसे खासतौर पर बड़ी फैमिली और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
Tesla Model YL की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 61.99 लाख रुपये रखी गई है। यह स्टैंडर्ड Model Y से करीब 2.10 लाख रुपये महंगी है। इस SUV में 6-सीटर (2+2+2) लेआउट दिया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक आराम और बेहतर स्पेस मिलता है।
डिजाइन की बात करें तो इसमें नए 19-इंच एरो अलॉय व्हील्स, फ्रंट में फुल-विड्थ LED लाइटबार, फ्लश डोर हैंडल्स और ब्लैक रियर स्पॉइलर दिया गया है। इसका व्हीलबेस स्टैंडर्ड मॉडल की तुलना में 150 मिलीमीटर बड़ा है, जिससे केबिन में ज्यादा जगह मिलती है।
इंटीरियर में 16-इंच का बड़ा टचस्क्रीन, पैनोरमिक ग्लास रूफ, वायरलेस चार्जिंग, दूसरी पंक्ति के लिए वेंटिलेटेड और हीटेड सीटें, 18-स्पीकर प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और रियर पैसेंजर्स के लिए अलग डिस्प्ले जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 82 kWh बैटरी पैक और ड्यूल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है। कंपनी के अनुसार यह SUV एक बार फुल चार्ज होने पर 681 किलोमीटर तक की WLTP सर्टिफाइड रेंज देती है और इसकी टॉप स्पीड 201 किलोमीटर प्रति घंटा है।
सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, पार्किंग सेंसर, ADAS और अतिरिक्त कीमत पर Full Self Driving (FSD) का विकल्प भी उपलब्ध है।
भारत में Tesla Model YL की एंट्री प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में मुकाबले को और दिलचस्प बनाने वाली है।
