प्रयागराज: हिंदू युवती की मौत के 35 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, पहचान छिपाकर शादी का आरोप

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 20 वर्षीय युवती की मौत के 35 दिन बाद उसका शव कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। हालांकि, शव काफी सड़-गल चुका था, इसलिए डॉक्टर मौत की स्पष्ट वजह का पता नहीं लगा सके। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले की रहने वाली गोल्डी साकेत का है। परिजनों का आरोप है कि प्रयागराज के रहने वाले साहिल खान ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को “प्रिंस” बताया और इंस्टाग्राम के जरिए गोल्डी से दोस्ती की। बाद में दोनों ने मंदिर में शादी की। परिवार का कहना है कि बाद में गोल्डी को पता चला कि प्रिंस का असली नाम साहिल खान है, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बावजूद बाद में निकाह भी कराया गया।

गोल्डी की मां का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद उनकी बेटी के साथ मारपीट की जाने लगी। उनका दावा है कि 10 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में गोल्डी की मौत हो गई, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी लगभग एक महीने बाद दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर उसे जल्दबाजी में दफना दिया गया।

दूसरी ओर, साहिल का कहना है कि गोल्डी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मुस्लिम रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों की शिकायत के बाद प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। हालांकि रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts