व्हीलचेयर पर दिखीं अल्का याग्निक, फैन्स हुए परेशान; सिंगर ने कहा- ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं, रिकवरी अच्छी चल रही है’

दिल्ली: पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित होने के बाद मशहूर गायिका अल्का याग्निक एक बार फिर चर्चा में हैं। 23 जून को आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह से सामने आए एक वीडियो में अल्का याग्निक व्हीलचेयर पर नजर आईं, जिसके बाद उनके प्रशंसकों के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठाए और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हालांकि अब अल्का याग्निक ने खुद सामने आकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है और उनकी रिकवरी लगातार बेहतर हो रही है।

अल्का याग्निक ने लिखा, “सभी के प्यार, चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। पद्म सम्मान समारोह का एक वीडियो देखकर कई लोग मेरी सेहत को लेकर चिंतित हो गए। मैं सभी को बताना चाहती हूं कि मैं बिल्कुल ठीक हूं। समारोह का दिन बेहद व्यस्त और भावनात्मक था, जिसकी वजह से मैं काफी थक गई थी। इसलिए जाते समय मैंने व्हीलचेयर की मदद ली थी।”

उन्होंने आगे कहा कि अब वह पहले से काफी बेहतर महसूस कर रही हैं और सभी प्रशंसकों के प्यार व समर्थन के लिए आभारी हैं। साथ ही उन्होंने भारत की राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का पद्म भूषण सम्मान के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

गौरतलब है कि अल्का याग्निक पिछले दो वर्षों से एक दुर्लभ बीमारी ‘सेंसरी न्यूरल हियरिंग लॉस’ से जूझ रही हैं। इस बीमारी के कारण उनकी सुनने की क्षमता प्रभावित हुई है और डॉक्टरों ने उन्हें तेज आवाज और लाउड म्यूजिक से दूर रहने की सलाह दी है।

फिलहाल अल्का याग्निक की पोस्ट के बाद उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Related posts