पंजाब को मिली बड़ी सौगात: CM भगवंत मान ने धूरी में ₹54.76 करोड़ के रेलवे ओवरब्रिज का किया उद्घाटन

पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को संगरूर जिले के धूरी में लोगों को एक बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 54 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बने नए रेलवे ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। यह परियोजना पिछले 25 से 30 वर्षों से स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग रही थी, जिसका अब इंतजार खत्म हो गया है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह केवल एक पुल का उद्घाटन नहीं, बल्कि धूरी और संगरूर के विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक के कारण शहर दो हिस्सों में बंट जाता था और लोगों को लंबे समय तक जाम और परेशानी का सामना करना पड़ता था। नए ओवरब्रिज के निर्माण से अब यातायात सुगम होगा और हजारों लोगों का समय बचेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने इस परियोजना में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए लोअर गेट को खुला रखने के लिए आवश्यक अतिरिक्त निर्माण कार्य का पूरा खर्च स्वयं वहन किया है। इसका उद्देश्य शहर के दोनों हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क बनाए रखना और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देना है।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास की इस यात्रा में सरकार का सहयोग करें, ताकि पंजाब को और अधिक समृद्ध, आधुनिक और प्रगतिशील बनाया जा सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर सड़क और रेल संपर्क से व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Related posts