पंजाब की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। पटियाला जिले के पतरा में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान पूर्व विधायक बीबा वनिंदर कौर लुम्बा अपने हजारों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी नए सदस्यों का पार्टी परिवार में स्वागत करते हुए इसे पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल राजनीति नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज पंजाब के 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य हो चुका है। इसके अलावा अब तक 68,200 से अधिक सरकारी नौकरियां बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के युवाओं को दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए नहरी पानी की बेहतर व्यवस्था को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए पतरा अस्पताल को 50 बेड तक अपग्रेड करने और समाना-पटियाला रोड को फोरलेन बनाने की घोषणा भी की।
भगवंत मान ने हाल ही में शुरू की गई ‘माँ-बेटी सम्मान योजना’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि सीधे भेजी जा रही है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती और सम्मान दोनों मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पंजाब में विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की यह यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहेगी और आम आदमी पार्टी का जनाधार भी लगातार मजबूत होगा।
