उत्तराखंड PCS 2024: 187 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र | CM धामी बोले- जनसेवा का सबसे बड़ा अवसर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की PCS मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों सहित कुल 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि अब अधिकारियों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि उनकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनता के प्रति समर्पण से होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि PCS मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब 1.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अधिकारी का दायित्व शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से अपील की कि वे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके कारण युवाओं का भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। सरकार “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” दोनों को राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक” के संकल्प को साकार करने में नवचयनित अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया।

Related posts