शंकराचार्य से मिले अखिलेश यादव, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और गौमाता पर सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। करीब 30 मिनट चली इस मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव जमीन पर बैठकर शंकराचार्य से चर्चा करते नजर आए। पिछले चार महीनों में दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात है।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने को लेकर बेहद चिंतित हैं और इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी हमारे धर्म में महापाप है और इस मामले में सिर्फ लीपापोती की जा रही है।

वहीं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंदिर में घोटाला हुआ है और कार्रवाई तभी प्रभावी होगी जब नई सरकार आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता गाय को माता मानती है, लेकिन सरकार उसे केवल पशु मानती है।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लिए धर्म नहीं बल्कि धन प्राथमिकता बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर परिसर में काम करने वाले लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR की जांच कराई जाए तो अधिकांश लोग भाजपा से जुड़े मिलेंगे। उन्होंने कहा कि SIT निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है।

सपा प्रमुख ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई कर जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कई बार अयोध्या गए, लेकिन कथित चोरी का खुलासा नहीं कर पाए।

Related posts