E20 पेट्रोल पर गडकरी का बड़ा ऐलान! गाड़ी खराब हुई तो कंपनियां मुफ्त बदलेंगी पार्ट्स

दिल्ली: देश में E20 यानी 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 2023 से पहले बनी पेट्रोल गाड़ियों में E20 फ्यूल के कारण कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो वाहन निर्माता कंपनियां प्रभावित पुर्जों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदलेंगी। सरकार ने इस संबंध में ऑटो कंपनियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

नितिन गडकरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर E20 पेट्रोल से गाड़ियां खराब होने की जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह भ्रामक और झूठे नैरेटिव का हिस्सा हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अब तक ऐसा एक भी प्रमाणित मामला सामने नहीं आया है, जिसमें केवल E20 पेट्रोल के कारण किसी वाहन का इंजन खराब हुआ हो।

हालांकि गडकरी ने यह स्वीकार किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से पुरानी गाड़ियों का माइलेज कुछ हद तक कम हो सकता है। इसकी वजह एथेनॉल की ऊर्जा क्षमता यानी कैलोरिफिक वैल्यू का पेट्रोल से कम होना है।

उन्होंने बताया कि पहले वाहनों में धातु के वॉशर लगाए जाते थे, लेकिन अब उनकी जगह रबर वॉशर का इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार ने कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि सर्विसिंग के दौरान पुराने वाहनों में इन पुर्जों को मुफ्त में बदला जाए, ताकि ग्राहकों पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

गडकरी ने यह भी कहा कि ब्राजील जैसे देशों में वर्षों से उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन का सफलतापूर्वक उपयोग हो रहा है। भारत भी फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक और स्वच्छ ईंधन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य आयातित तेल पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना और पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है।

Related posts