दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में प्रतिस्पर्धा अब और तेज हो गई है। Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग ने तीन साल से अधिक समय बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वापसी करते हुए कंपनी के नए और अत्याधुनिक AI मॉडल ‘Muse Spark 1.1’ की घोषणा की है। इस लॉन्च को OpenAI और Anthropic जैसी दिग्गज AI कंपनियों को सीधी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
मार्क जुकरबर्ग ने अपनी पोस्ट में कहा कि Muse Spark 1.1 बेहद कम लागत पर शक्तिशाली कोडिंग और एजेंटिक AI क्षमताएं प्रदान करता है। यह मॉडल Meta AI और नए Meta Model API पर उपलब्ध होगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत 10 लाख टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो है, जिससे यह लंबी किताबों, बड़े कोडबेस और जटिल मल्टी-स्टेप टास्क को आसानी से समझ और प्रोसेस कर सकता है।
Meta के अनुसार यह AI मॉडल टेक्स्ट, इमेज और वीडियो को समझने के साथ-साथ कंप्यूटर टूल्स का उपयोग कर बिना ज्यादा मानवीय हस्तक्षेप के जटिल कार्य पूरे करने में सक्षम है। डेवलपर्स इसके जरिए नई AI आधारित एप्लिकेशन भी तैयार कर सकेंगे।
कंपनी ने बताया कि अमेरिका में डेवलपर्स को Meta Model API के पब्लिक प्रीव्यू के तहत 20 डॉलर का फ्री क्रेडिट दिया जाएगा। इसके बाद उपयोगकर्ता पे-एज-यू-गो मॉडल के तहत सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
Meta की Superintelligence Labs द्वारा विकसित यह मॉडल भविष्य में धीरे-धीरे WhatsApp, Instagram, Facebook और Meta के AI स्मार्ट ग्लासेस में मौजूद मौजूदा Llama मॉडल्स की जगह लेगा। इसके साथ ही Meta ने AI API मार्केट में अपनी औपचारिक और मजबूत एंट्री दर्ज करा दी है, जिससे वैश्विक AI रेस और भी दिलचस्प होने वाली है।
