मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में बवाल मच गया है. बीजेपी ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर उनकी जगह युवा नेता आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है, जिसके बाद उनके समर्थक का गुस्सा फूट पड़ा है. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में पार्टी के फैसले का विरोध करते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दतिया नेशनल हाईवे पर देर रात जाम लगा दिया था, जिसे अब खत्म कर दिया गया है. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाया. बताया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी हुआ है. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े.
दतिया बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि दतिया के बीजेपी कार्यालय पर बम फिंकवाए जा रहे हैं, हिंसा करवाई जा रही है. बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस बर्बरता कर रही है और उन्हें कार्यालय में बंद कर दिया गया है. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का कहना है कि वे आशुतोष तिवारी का बहिष्कार करते हैं. पार्टी ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है.अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसमें पता चला है कि पुलिस एक्शन में 50 से ज्यादा बीजेपी कार्यकर्ता घायल हो गए हैं. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर गोले फेंके और उनके साथ ज्यादती की गई. कार्यकर्ताओं को अपशब्द भी कहे गए हैं. यह आरोप भी लगाया गया कि एसपी साहब ने प्रदर्शनकारियों को खुद गाली दी.
बीजेपी कार्यकर्ता सीएम मोहन यादव से भी नाराज हैं. उनका कहना है कि यह सब मोहन यादव के इशारे पर हो रहा है. जिस प्रत्याशी को हम नहीं जानते, उनके लिए चुनाव क्यों लड़ेंगे? सुबह पांच बजे राम का भजन कर रहे थे, तब भी पीटा गया.
