सुबह जल्दी उठना बेहतर या देर रात तक जागना? जानिए सेहत और सफलता के लिए कौन-सा लाइफस्टाइल सही

 क्या सफलता पाने के लिए सुबह जल्दी उठना जरूरी है, या फिर देर रात तक काम करने वाले लोग भी उतने ही सफल हो सकते हैं? यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका जवाब केवल सुबह या रात में नहीं, बल्कि आपकी नींद की गुणवत्ता और शरीर की जैविक घड़ी यानी सर्केडियन रिदम में छिपा है।

जो लोग सुबह जल्दी उठते हैं, वे आमतौर पर जल्दी सोते हैं और दिन की शुरुआत अधिक ऊर्जा के साथ करते हैं। रिसर्च बताती है कि ऐसे लोगों में समय प्रबंधन बेहतर होता है, माइंडफुलनेस अधिक होती है और उन्हें सामाजिक सहयोग भी ज्यादा मिलता है। यही कारण है कि वे अपनी दिनचर्या को आसानी से व्यवस्थित कर पाते हैं।

वहीं, देर रात तक जागने वाले, जिन्हें नाइट आउल कहा जाता है, दिन के दूसरे हिस्से में ज्यादा सक्रिय और ऊर्जावान महसूस करते हैं। हालांकि, समाज की अधिकांश गतिविधियां सुबह के समय केंद्रित होने के कारण इनका स्लीप साइकल अक्सर प्रभावित होता है। पर्याप्त नींद न मिलने पर मोटापा, टाइप-2 डायबिटीज, तनाव और डिप्रेशन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी लाइफस्टाइल को पूरी तरह सही या गलत नहीं कहा जा सकता। इसमें जेनेटिक्स और व्यक्ति का स्लीप क्रोनोटाइप महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यानी हर व्यक्ति की जैविक घड़ी अलग होती है और उसी के अनुसार उसकी कार्यक्षमता भी बदलती है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप चाहे सुबह जल्दी उठें या देर रात तक काम करें, लेकिन रोजाना 7 से 8 घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद जरूर लें। अच्छी नींद ही बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता की असली कुंजी है।

Related posts