घरेलू शेयर बाजार में 14 जुलाई 2026 यानी मंगलवार को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से शेयर मार्केट पर काफी असर पड़ा है. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 340 अंक से ज्यादा टूटकर 77,270 के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 72.85 अंक यानी 0.30% गिरावट के साथ करीब 24,070 के स्तर पर आ गया. इतना ही नहीं, रुपये में भी आज शुरुआती कारोबार में 0.46 फीसदी गिरावट आई है और ये पहली बार डॉलर के मुकाबले 96 के पार पहुंच गया है.
अमेरिका-ईरान तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतें 85 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई हैं. भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए महंगे क्रूड से महंगाई और कंपनियों की लागत बढ़ने की चिंता ने बाजार पर दबाव बनाया है. आज के शुरुआती कारोबार में आईटी, ऑटो, मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में दबाव देखने को मिला. 16 में से 15 सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे. हालांकि, गिरावट केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी हल्की कमजोरी रही. निफ्टी मिडकैप 100 में 0.21 फीसदी की गिरावट आई है. निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.41 फीसदी और निफ्टी 500 में 0.32 फीसदी की गिरावट है.
