हॉर्मुज स्ट्रेट में ईरानी हमले से हड़कंप!

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज स्ट्रेट से बड़ी खबर सामने आई है। संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के टैंकरों पर हुए हमलों में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास को तलब किया है और पूरे मामले पर जवाब मांगा है।

भारत की ओर से समन जारी किए जाने के बाद ईरान के डिप्टी चीफ मिशन मोहम्मद जवाद हुसैनी समेत कई राजनयिक विदेश मंत्रालय पहुंचे। भारतीय अधिकारियों ने समुद्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। इस क्षेत्र में हजारों भारतीय मर्चेंट जहाजों पर काम करते हैं और अक्सर बेहद संवेदनशील इलाकों में तैनात रहते हैं।

जानकारी के मुताबिक, ईरान ने UAE के ‘मोम्बासा’ टैंकर पर हमला किया, जिसमें एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई। इस हमले में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई थी, हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना की UAE ने कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया है। UAE ने कहा है कि इस तरह के हमले क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और उसके पास इस तनाव को बढ़ाने वाली कार्रवाई का जवाब देने का पूरा अधिकार है।

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब ईरान और उसके पड़ोसी देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हॉर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल का निर्यात होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है।

Related posts