टेक्नोलॉजी : गूगल अपनी नई स्मार्टफोन सीरीज Pixel 11 को 13 अगस्त को लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी का ‘Made by Google’ इवेंट भारतीय समय के अनुसार सुबह 3:30 बजे से शुरू होगा। इस लॉन्च इवेंट में कंपनी अपने प्रीमियम स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए कई नए डिवाइस पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि गूगल का लक्ष्य सीधे तौर पर एपल और सैमसंग जैसे दिग्गज ब्रांड्स को चुनौती देना है।
नई सीरीज में Pixel 11, Pixel 11 Pro और Pixel 11 Pro XL के साथ फोल्डेबल स्मार्टफोन Pixel 11 Pro Fold शामिल होगा। फोल्ड मॉडल को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसके बड़े फ्लेक्सिबल डिस्प्ले की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें करीब 8 इंच का फ्लेक्स डिस्प्ले दिया जा सकता है। फोन में 50MP तक के कैमरा सेंसर मिलने की उम्मीद है, जिससे फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग के अनुभव को बेहतर बनाया जा सकता है।
भारत में Pixel 11 Pro Fold कंपनी का तीसरी पीढ़ी का फोल्डेबल स्मार्टफोन होगा। ऐसे में पिछले मॉडल की तुलना में डिजाइन, कैमरा, परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर के स्तर पर कई अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, लॉन्च से पहले सामने आई जानकारियों में से सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्मार्टफोन के अलावा गूगल इसी इवेंट में Pixel Watch 5 भी पेश कर सकती है। नई स्मार्टवॉच में डिजाइन और स्मार्ट फीचर्स के साथ बेहतर बैटरी और हेल्थ-ट्रैकिंग क्षमताएं मिलने की उम्मीद है। अब सबकी नजरें 13 अगस्त के ‘Made by Google’ इवेंट पर हैं, जहां कंपनी इन डिवाइस की कीमत, उपलब्धता और सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी देगी।
