कैब बुकिंग पर एक्स्ट्रा पैसे मांगने का खेल बंद! सरकार ने Ola, Uber, Rapido और InDrive को दिए सख्त निर्देश

टेक्नोलॉजी : कैब से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने कैब बुकिंग के दौरान ग्राहकों से एडवांस टिप या किसी तरह के अतिरिक्त चार्ज के नाम पर पैसे मांगने वाले फीचर्स को हटाने का निर्देश दिया है। परिवहन मंत्रालय ने बुधवार को राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स को अपने मोबाइल ऐप से बुकिंग स्क्रीन पर दिखने वाले टिप और एड-ऑन जैसे विकल्पों को तुरंत हटाने को कहा है।

सरकार के मुताबिक, ग्राहक जब कैब बुक करता है, उस समय उससे पहले ही टिप मांगना उचित नहीं है। कई बार पीक ऑवर्स या ज्यादा डिमांड के दौरान ग्राहकों को जल्दी राइड कन्फर्म कराने के लिए अतिरिक्त रकम देने का विकल्प दिखाई देता था। ऐसे में यात्रियों को अपनी जरूरत के कारण ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते थे।

नए निर्देश के बाद कैब कंपनियों को बुकिंग के समय इस तरह के प्रॉम्प्ट और विकल्प हटाने होंगे। सरकार का कहना है कि राइड की कन्फर्म बुकिंग के लिए ग्राहक से टिप या एड-ऑन के नाम पर अतिरिक्त भुगतान लेना पारदर्शी व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

इस फैसले का सीधा असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो रोजाना ऑफिस, कॉलेज, एयरपोर्ट या दूसरे जरूरी कामों के लिए कैब सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं। खासकर व्यस्त समय में राइड बुक करते वक्त अब ग्राहकों को अतिरिक्त भुगतान के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार के इस कदम से कैब प्लेटफॉर्म्स की बुकिंग प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई है। हालांकि, आगे यह देखना अहम होगा कि कंपनियां इन निर्देशों को अपने ऐप्स में कितनी जल्दी और किस तरह लागू करती हैं।

Related posts