लखनऊ: पारा इलाके में अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया। मोहान रोड, काकोरी मोड़ और आसपास के करीब छह मोहल्लों में नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने पुलिस और पीएसी के साथ कार्रवाई की। अभियान में करीब 38 से 40 भैंसों को पकड़कर नगर निगम की टीम अपने साथ ले गई।
कार्रवाई के दौरान ठाकुरगंज, पारा और सआदतगंज थानों की पुलिस के साथ एक कंपनी पीएसी और नगर निगम की एन्क्रोचमेंट टास्क फोर्स के करीब 100 जवान मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए जवान हेलमेट, डंडे और बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ तैनात थे। नगर निगम के आधा दर्जन से अधिक कैटल कैचर वाहनों में पकड़े गए पशुओं को लादा गया।
नगर निगम के मुताबिक, यह अभियान 16 अगस्त को टीम पर हुए हमले के बाद चलाया जा रहा है। उस दिन अवैध डेयरी संचालकों ने नगर निगम और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर और भैंस बांधने वाली लोहे की चेन से हमला किया था। इसमें एक दरोगा को गंभीर चोट आई थी।
इससे पहले मंगलवार को भी नगर निगम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाकर 200 से अधिक भैंसें पकड़ी थीं। इसके बाद डेयरी संचालकों ने कई पशुओं को ट्रकों में भरकर दूसरे स्थानों पर भेज दिया।
गुरुवार को सुबह करीब छह बजे शुरू हुए अभियान में पहले कुछ इलाकों में केवल 10 भैंसें मिलीं। बाद में काकोरी मोड़ के आसपास के मोहल्लों में करीब 30 और भैंसें मिलीं। कई लोगों ने निगम की टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही पशुओं को घरों के अंदर छिपा दिया। सलेमपुर पतोरा गांव में कुछ भैंसों को जलकुंभी और दलदल वाले तालाब में भी हांक दिया गया, जिन्हें निगम टीम ने बाहर निकलवाया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
