वृंदावन में 16 साल का किशोर 3 महीने से लापता: परिवार का दावा- प्रेमानंद महाराज से दीक्षा के बाद नहीं लौटा घर, आश्रम के बाहर धरना

उत्तर प्रदेश: मथुरा के वृंदावन में 16 साल के किशोर के तीन महीने से लापता होने का मामला सामने आया है। हाथरस के बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला अनुज चौधरी कथित तौर पर संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने के बाद घर नहीं लौटा। शुक्रवार को उसके माता-पिता, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के कई लोग वृंदावन स्थित केलीकुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गए।

परिजनों का कहना है कि अनुज पढ़ाई करता था और इस साल इंटर की पढ़ाई कर रहा था। वह परिवार का इकलौता बेटा है। पिता राजवीर सिंह के मुताबिक, अनुज पहले वृंदावन में अपने ननिहाल पानीगांव के कारण आता-जाता था और इसी दौरान संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने लगा।

परिवार का दावा है कि करीब तीन महीने पहले अनुज ने दीक्षा ली थी। दीक्षा के बाद वह कुछ दिन घर पर रहा। इसके बाद उसने महाराज के दर्शन करने की बात कही और घर से निकल गया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है और न ही उससे संपर्क हो पाया है।

अनुज की दादी ने आरोप लगाया कि परिवार जब आश्रम पहुंचा तो उन्हें अनुज के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने आश्रम में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग किए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, ये परिवार के आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले की जानकारी मिलने पर वृंदावन पुलिस आश्रम पहुंची और प्रबंधन से जानकारी ली। आश्रम की ओर से बताया गया कि अनुज फिलहाल वहां नहीं है। आश्रम प्रबंधन ने यह भी कहा कि सेवादारों के ग्रुप में उसकी तस्वीर साझा कर जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।

वृंदावन सीओ संदीप सिंह के मुताबिक, किशोर के लापता होने के संबंध में सादाबाद में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस दीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार की मांग है कि उनके बेटे को जल्द खोजकर उनके सुपुर्द किया जाए।

 

Related posts