पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरने से 29 की मौत, 28 बच्चे और महिला टीचर की गई जान; 40 से ज्यादा घायल

Delhi: पाकिस्तान के पेशावर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल की छत गिरने से 29 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 28 बच्चे और एक महिला टीचर शामिल हैं। हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार को पेशावर के दीर कॉलोनी इलाके में हुआ। हादसे के समय स्कूल में बच्चे और स्टाफ मौजूद थे। अचानक छत गिरने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। बचावकर्मियों के साथ पाकिस्तान की सेना के जवान भी राहत कार्य में जुट गए। मलबे से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में इमरजेंसी घोषित की गई और डॉक्टरों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को ट्रॉमा वार्ड में तैनात किया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

गौरतलब है कि पाकिस्तान में इससे पहले भी स्कूलों और अन्य इमारतों के गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं। निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।

फिलहाल, इस हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच के निर्देश दिए गए हैं। राहत और बचाव अभियान के साथ घायलों के उपचार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूल भवनों के रखरखाव को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

Related posts