त्रिपुरा में BSF जवानों पर तस्करों का हमला, 3 जवान घायल; हथियार छीनने की कोशिश, 8 आरोपी गिरफ्तार

Delhi: त्रिपुरा से सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवानों पर हमले की बड़ी खबर सामने आई है। यहां तस्करों के एक समूह ने BSF के जवानों को घेरकर हमला कर दिया। हमले में तीन जवान घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने जवानों के हथियार छीनने की कोशिश की और उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को त्रिपुरा के आशाबाड़ी बॉर्डर आउटपोस्ट के पास कुछ लोग कथित तौर पर अवैध सामान की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान BSF की 49वीं बटालियन के जवानों ने उनका पीछा किया और हिफजुर रहमान नाम के एक संदिग्ध को पकड़ लिया।

इसी बीच रहीमपुर कांतामुरा बॉर्डर आउटपोस्ट से तीन BSF जवान गाड़ी से बॉक्सानगर जा रहे थे। रास्ते में तस्करों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने जवानों को लाठियों से पीटा और उनकी राइफल छीनने की कोशिश की। हमले में घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। कुछ अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस और BSF ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटाई है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले ढाई साल में त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले की यह तीसरी घटना बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Related posts