धामी का बड़ा ऐलान: अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने और अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संविधान के आदर्शों और मूल्यों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के योगदान को याद करते हुए सभी को संविधान एवं विधि दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अभियोजन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आमजन को भी नए कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा, जिसके लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी।

उन्होंने अभियोजन कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बजट देने तथा प्रदेश के सभी जिलों में कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री के अनुसार इन कदमों से अभियोजन व्यवस्था अधिक आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनेगी।

12 विभूतियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। इनमें वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एससी बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, शिक्षाविद् ललित जोशी सहित सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई।

न्याय व्यवस्था में अभियोजन की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सत्य और न्याय को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत की विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी कायम रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो।

उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना और उन्हें न्यायालय के सामने निष्पक्षता से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। उनकी विधिक दक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता से ही आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है।

नए आपराधिक कानूनों को बताया बड़ा सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने औपनिवेशिक दौर के आपराधिक कानूनों को बदलकर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए हैं। ये बदलाव देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं। नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है।मुख्यमंत्री ने अभियोजन अधिकारियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

Related posts