वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मीडिया पर निशाना साधते हुए न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकार डेविड ई. सेंगर की आलोचना की है। ट्रंप ने उन्हें औसत दर्जे का रिपोर्टर बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी हालिया रिपोर्ट में अमेरिकी प्रशासन की बड़ी उपलब्धियों को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया है। इस दौरान ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी, उसकी नौसेना और वायुसेना को नुकसान पहुंचाने तथा वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को अपनी सरकार की बड़ी कामयाबी बताया।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि पत्रकार ने अमेरिका की सीमा सुरक्षा, अपराध दर में कमी, टैक्स और रेगुलेशन में कटौती जैसी उपलब्धियों का जिक्र नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने इतिहास की सबसे सफल नौसैनिक नाकेबंदी की है और ईरान की नौसेना तथा वायुसेना को भारी नुकसान पहुंचाया है।
ईरान और वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई को बताया बड़ी सफलता
अपने पोस्ट में ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव का जिक्र करते हुए नौसैनिक नाकेबंदी को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने वेनेजुएला के खिलाफ कार्रवाई को ‘वन डे विन’ यानी एक दिन की जीत करार दिया।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उनके प्रशासन ने आठ युद्धों को सुलझाने में भूमिका निभाई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका का सम्मान पहले से ज्यादा बढ़ा है। हालांकि, ये ट्रंप के अपने दावे हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है।
आयोवा में सैन्य संयंत्र की सफलता का भी किया जिक्र
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आयोवा आर्मी एम्युनिशन प्लांट में करीब पांच टन अस्थिर लेड एजाइड को नियंत्रित तरीके से नष्ट किए जाने की कार्रवाई को भी प्रशासन की उपलब्धि बताया। उन्होंने इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनकी सरकार पुरानी समस्याओं को ठीक कर रही है।
मीडिया पर पहले भी लगा चुके हैं पक्षपात के आरोप
ट्रंप इससे पहले भी ईरान से जुड़े घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग को लेकर अमेरिकी मीडिया संस्थानों पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स, वॉल स्ट्रीट जर्नल और CNN पर ईरान की सैन्य स्थिति को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया था।
ट्रंप का कहना है कि अमेरिका की सैन्य ताकत और ईरान की कथित कमजोरियों को मीडिया सही तरीके से नहीं दिखा रहा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा था कि यदि ईरान आत्मसमर्पण भी कर दे, तब भी कुछ मीडिया संस्थान इसे अमेरिका की हार के रूप में पेश करेंगे।
पश्चिम एशिया में तनाव बरकरार
इस बीच पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी प्रशासन से तेहरान के खिलाफ नए सैन्य विकल्पों पर विचार करने की अपील की है। ऐसे हालात में ट्रंप के ताजा बयान ने अमेरिका की विदेश नीति, सैन्य रणनीति और मीडिया के साथ उनके टकराव को फिर चर्चा में ला दिया है।
