केजरीवाल के ‘शीशमहल’ की प्रदर्शनी शुरू, हर सामान पर लगा प्राइस टैग; 30 लाख की डाइनिंग टेबल, 58 करोड़ खर्च का दावा

Delhi: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी बंगला चर्चा में है। भाजपा सरकार ने शुक्रवार को दिल्ली के 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास को आम लोगों के लिए खोल दिया है। बंगले के बाहर इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया गया है। खास बात यह है कि बंगले के अंदर मौजूद फर्नीचर, झूमर, सोफा और दूसरी सजावटी चीजों पर उनकी कीमतों के टैग लगाए गए हैं।

भाजपा सरकार का दावा है कि इस बंगले पर कुल 58 करोड़ 83 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए। यहां लगी डाइनिंग टेबल और कुर्सियों की कीमत करीब 30 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, पर्दों की कीमत 5 लाख रुपये और झूमर की कीमत 11 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा सोफे और सेंटर टेबल जैसे सामान की कीमत भी लाखों रुपये में बताई गई है।

अरविंद केजरीवाल साल 2015 से 2024 तक इस बंगले में मुख्यमंत्री रहते हुए अपने परिवार के साथ रहे थे। उन्होंने 4 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सरकारी आवास खाली कर दिया था।

दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस बंगले को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधा। वहीं, मंत्री कपिल मिश्रा ने दावा किया कि बंगले में वियतनाम से मार्बल मंगवाया गया था और कई महंगे विदेशी सामान लगाए गए थे।

CAG रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर करीब 33 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च हुए थे, जबकि शुरुआती अनुमान 7 करोड़ 91 लाख रुपये का था। यानी खर्च अनुमान से करीब 342 प्रतिशत ज्यादा रहा।

इस मामले में भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद CBI जांच भी जारी है। फिलहाल सरकार की योजना बंगले को आम लोगों के लिए खोलने और आगे यहां सरकारी बैठकें, कॉन्फ्रेंस और लंच आयोजित कराने की है।

अब इस ‘शीशमहल’ की प्रदर्शनी के जरिए दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर खर्च और सरकारी सुविधाओं को लेकर बहस तेज हो गई है।

Related posts