Delhi: महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुराना वीडियो पोस्ट कर महिला आरक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उचित भागीदारी दिलाने का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई कई दशकों से चल रही है। देश की महिलाएं लगातार इस मुद्दे को उनके सामने उठाती रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि देश की महिलाओं का आशीर्वाद सरकार के साथ है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को रोक नहीं पाएंगी।
यह वीडियो 18 अप्रैल 2026 को देश के नाम दिए गए संबोधन का है, जिसे प्रधानमंत्री ने शनिवार को दोबारा साझा किया।
उधर, लोकसभा में परिसीमन बिल को लेकर सरकार की स्थिति मजबूत होती दिखाई दे रही है। शरद पवार की NCP (SP) और जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद अब तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी DMK ने भी बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है।
DMK सांसद ए. राजा ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़ाकर 59 की जाएं और संसद में राज्य की हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत बनी रहे।
आंकड़ों के मुताबिक, DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसदों का समर्थन मिलने से सरकार के पक्ष में संख्या 354 तक पहुंच सकती है। हालांकि, बिल पास कराने के लिए 360 सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक भी हुई, जिसमें परिसीमन बिल को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर राजनीतिक दलों का अंतिम रुख क्या रहता है।
