एअर इंडिया पायलट्स का अब रोज होगा ड्रग टेस्ट, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद बड़ा फैसला

बिज़नेस : एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के सभी पायलटों के लिए अब रोजाना ड्रग टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि दोनों एयरलाइंस में यह व्यवस्था आज से लागू हो गई है। इस फैसले के तहत यह जांच की जाएगी कि पायलटों ने किसी प्रतिबंधित दवा या नशीले पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। दोनों एयरलाइंस में 5 हजार से ज्यादा पायलट हैं, ऐसे में यह नियम बड़े स्तर पर लागू होगा।

पायलटों की रोजाना जांच का फैसला पिछले सप्ताह फुकेट-दिल्ली फ्लाइट से जुड़ी घटना के बाद लिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट के भुवनेश्वर के पास से गुजरने के दौरान अचानक टर्बुलेंस जैसे हालात बने और विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था। इस दौरान यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आने की बात सामने आई थी।

घटना के बाद फ्लाइट के कैप्टन के ड्रग टेस्ट किए गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, दो अलग-अलग जांचों में टेस्ट पॉजिटिव आए। दूसरी जांच में गांजा के सेवन की पुष्टि होने की बात कही गई है। फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने भी आरोप लगाया था कि पायलट नशे में था।

इस घटना के बाद एविएशन सुरक्षा को लेकर सवाल उठे और अब एयरलाइंस ने पायलटों की नियमित ड्रग स्क्रीनिंग का फैसला किया है। माना जा रहा है कि रोजाना जांच से ड्यूटी पर आने वाले पायलटों की फिटनेस और सुरक्षा को लेकर निगरानी और मजबूत होगी। एयरलाइंस के इस कदम का सीधा उद्देश्य उड़ान सुरक्षा को बेहतर बनाना और यात्रियों की जान को किसी भी संभावित जोखिम से बचाना है।

Related posts