दुबई: भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला आज 14 सितंबर को आमने-सामने होगा । यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा।
भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में यूएई को 9 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी। वहीं पाकिस्तान ने ओमान को 93 रन से हराया था। अब दोनों ही टीमें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित और चुनौतीपूर्ण मैच के लिए तैयार हैं।
टी20 फॉर्मेट में अब तक भारत और पाकिस्तान की टीमें 13 बार भिड़ीं हैं, जिनमें से भारत ने 10 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 में जीत मिली है। इस आंकड़े के हिसाब से भारत को टी20 में बढ़त हासिल है।
हालांकि वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा है। अब तक दोनों टीमें 136 बार वनडे में आमने-सामने आई हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 73 और भारत ने 58 मैच जीते हैं। पांच मुकाबले बेनतीजा रहे।
एशिया कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच 18 मैच हुए हैं। इनमें से भारत ने 10 और पाकिस्तान ने 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि दो मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।
भारतीय टीम की कप्तानी इस बार सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं। टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ी नहीं हैं, ऐसे में युवा खिलाड़ियों से सजी यह टीम पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।
पिछले कुछ सालों में भारत ने पाकिस्तान पर दबदबा बनाए रखा है और अब वह इस सिलसिले को एशिया कप 2025 में भी जारी रखना चाहेगा।
