NEET री-एग्जाम से पहले NTA की देशभर में मॉकड्रिल: 551 शहरों में सुरक्षा का टेस्ट, 22.79 लाख छात्रों के लिए तैयारियां पूरी

न्यू दिल्ली: NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने शनिवार को देशभर में मॉक ड्रिल कर परीक्षा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस बार परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी लेयर सिक्योरिटी सिस्टम तैयार किया गया है। 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5000 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

NTA के मुताबिक परीक्षा संचालन के लिए 2 लाख से ज्यादा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 674 सिटी कोऑर्डिनेटर और 6,669 ऑब्जर्वर परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक पेन-पेपर मोड में आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

दरअसल, 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा के बाद कुछ जगहों से पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। जांच के बाद NTA ने परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजन का फैसला लिया। अब नए सिरे से परीक्षा केंद्र, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

NTA ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने नया एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है, उन्हें दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग होगी और उन्हें पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। सभी केंद्र CCTV निगरानी में रहेंगे और लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचे, आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें। दिल्ली, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों ने छात्रों की सुविधा के लिए मुफ्त यात्रा और अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। NTA ने छात्रों से शांत रहकर अपनी तैयारी पर भरोसा रखने की अपील की है।

Related posts