उत्तर प्रदेश : पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 के बीच पेपर लीक की अफवाहों ने उम्मीदवारों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने इन दावों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर परीक्षा से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने वाले एक टेलीग्राम चैनल के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। 
बोर्ड के अनुसार, 6 जून को एक टेलीग्राम चैनल ने यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का दावा करते हुए खबर वायरल की थी। आरोप है कि चैनल उम्मीदवारों को गुमराह कर उनसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ के हुसैनगंज थाने में संबंधित चैनल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित है और पेपर लीक की खबरें निराधार हैं।
अधिकारियों ने बताया कि व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और टेलीग्राम समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर के 1100 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है।
परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राज्यभर में 30 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि कई परीक्षा केंद्रों की निगरानी ड्रोन के जरिए भी की जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी बसों में यात्रा पर 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। वहीं, उत्तर रेलवे ने भी परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है।
