टेक्नोलॉजी: ऑडियो और वियरेबल्स ब्रांड boAt ने भारतीय बाजार में अपनी नई अवांते बार प्राइम साउंडबार सीरीज लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस सीरीज को खासतौर पर टीवी देखने, म्यूजिक सुनने और गेमिंग के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए पेश किया है। नई सीरीज में तीन मॉडल शामिल हैं, जिनमें Avante Bar Prime DA600, B450 और Thunder-D शामिल हैं। इन साउंडबार्स की कीमत ₹12,999 से शुरू होकर ₹18,999 तक जाती है।
सीरीज का फ्लैगशिप मॉडल Avante Bar Prime DA600 है। इसमें 600W का boAt सिग्नेचर साउंड आउटपुट और 5.2-चैनल सराउंड साउंड दिया गया है। बेहतर सिनेमैटिक ऑडियो के लिए इसमें Dolby Atmos का सपोर्ट मिलता है। इसके साथ डुअल वायर्ड सबवूफर्स और डुअल रियर सैटेलाइट स्पीकर्स दिए गए हैं, जो कमरे में चारों तरफ से ऑडियो का अनुभव देने में मदद करते हैं।
दूसरा मॉडल Avante Bar Prime B450 है, जिसमें 450W का साउंड आउटपुट और 5.2-चैनल सराउंड साउंड मिलता है। इसमें भी डुअल वायर्ड सबवूफर्स और रियर सैटेलाइट स्पीकर्स मौजूद हैं। वहीं, Avante Bar Prime Thunder-D को रोजाना के मनोरंजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें Dolby Audio तकनीक और बैलेंस्ड अकॉस्टिक्स दिए गए हैं।
कनेक्टिविटी के मामले में सीरीज को टीवी और गेमिंग कंसोल के साथ आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे में यूजर्स फिल्मों, वेब सीरीज, म्यूजिक और गेमिंग के दौरान ज्यादा दमदार ऑडियो का आनंद ले सकेंगे। ₹12,999 की शुरुआती कीमत के साथ boAt की यह नई सीरीज मिड-रेंज साउंडबार सेगमेंट में एक नया विकल्प पेश करती है।
