चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में अपने निर्वाचन क्षेत्र धुरी नगर परिषद के नवनिर्वाचित उम्मीदवारों के साथ एक विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी विजयी प्रतिनिधियों को बधाई दी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की असली ताकत जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में है। उन्होंने नए प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे हमेशा लोगों से जुड़े रहें और विकास कार्यों को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा लिए जा रहे जनहित के फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लगातार बड़े और ऐतिहासिक निर्णय लेकर आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से ‘मावां धी सतीकार योजना’ शुरू की जा रही है, जिससे समाज के जरूरतमंद वर्गों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा राज्य सरकार अब तक 68 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कर चुकी है, जो रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिक्षा क्षेत्र में पंजाब की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य देश में शिक्षा के क्षेत्र में नंबर एक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही धार्मिक सम्मान और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए ‘जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब अधिनियम 2026’ को लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है और उसका लक्ष्य विकास, खुशहाली और सामाजिक समरसता के साथ एक बार फिर ‘रंगला पंजाब’ का निर्माण करना है।
