नई दिल्ली: भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आए चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अपने भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर के साथ मुलाकात में भारत की तीन प्रमुख चिंताओं को दूर करने का वादा किया है। सूत्रों के अनुसार, वांग यी ने आश्वासन दिया है कि चीन भारत को उर्वरक (फर्टिलाइजर), दुर्लभ मृदा खनिजों (रेयर अर्थ मिनरल्स) और सुरंग खोदने वाली मशीनों की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। चीन की ओर से यह महत्वपूर्ण आश्वासन एक ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर भारी टैरिफ लगाए हैं।
भारत लंबे समय से चीन के साथ रेयर अर्थ मिनरल्स की निर्बाध आपूर्ति को लेकर बातचीत कर रहा है। ये खनिज इलेक्ट्रिक वाहनों, पवन टर्बाइनों और रक्षा विनिर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण उद्योगों के लिए बेहद आवश्यक हैं। इससे पहले, सोमवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने चीनी समकक्ष से कहा कि दोनों देशों को आपसी सम्मान, संवेदनशीलता और साझा हितों के आधार पर संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए एक “स्पष्ट और रचनात्मक” दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। वांग के साथ अपनी बैठक की शुरुआती टिप्पणी में, जयशंकर ने पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव कम करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया, जहां दोनों देशों की सेनाओं के बीच चार साल से अधिक समय से गतिरोध बना हुआ है।
यह व्यापक वार्ता चीनी विदेश मंत्री के दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद हुई। वांग की यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रस्तावित चीन यात्रा से कुछ ही दिन पहले हो रही है। साल 2020 में गलवान घाटी में हुए घातक संघर्ष के बाद भारत और चीन के संबंधों में आई गंभीर खटास के बीच, इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों द्वारा रिश्तों को सामान्य बनाने के एक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
अपनी टिप्पणी में जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को एक और “प्रमुख प्राथमिकता” बताया। उन्होंने कहा, “हमारे संबंधों में एक कठिन दौर के बाद, अब दोनों देश आगे बढ़ना चाहते हैं। इसके लिए दोनों पक्षों की ओर से एक स्पष्ट और रचनात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता है।”विदेश मंत्री ने जोर देकर कहा, “इस प्रयास में हमें तीन सिद्धांतों – आपसी सम्मान, आपसी संवेदनशीलता और आपसी हित – से निर्देशित होना होगा। मतभेद विवाद का कारण नहीं बनने चाहिए और प्रतिस्पर्धा को टकराव में नहीं बदलना चाहिए।”
चीनी विदेश मंत्री वांग यी अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के साथ भी सीमा मुद्दे पर वार्ता करेंगे। दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों के बीच यह वार्ता मंगलवार को निर्धारित है।
