मुंबई : कॉमेडियन प्रणित मोरे ने अपने विवादित ‘370 की बिरयानी’ वीडियो को लेकर आखिरकार माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना के बाद प्रणित ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से इस मामले पर सफाई देना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने की वजह से वह ऐसा नहीं कर पा रहे थे।
प्रणित मोरे ने कहा कि इस वीडियो के बाद उन्हें काफी नफरत और आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने माना कि लोगों की नाराजगी जायज है और वह इसके हकदार हैं। उन्होंने बताया कि शो के दौरान ऑडियंस में मौजूद एक व्यक्ति ने कुछ आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। उस समय माहौल ऐसा था कि लोग हंस रहे थे और वह भी उसी माहौल में बह गए। हालांकि अब उन्हें लगता है कि उन्हें उसी वक्त उस व्यक्ति को रोकना चाहिए था।
कॉमेडियन ने कहा कि वह चाहते तो उस टिप्पणी का विरोध कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं किया और इस वजह से वह बात आगे बढ़ गई। उन्होंने उन सभी लोगों से माफी मांगी जिनकी भावनाएं इस घटना से आहत हुई हैं।
प्रणित ने यह भी कहा कि वह इस मामले में चल रही कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें खुद में सुधार करने का एक मौका दिया जाए। उनका कहना है कि इस घटना से उन्होंने सीख ली है और आने वाले समय में उनके काम और कंटेंट में बदलाव नजर आएगा।
गौरतलब है कि प्रणित मोरे के शो में दर्शक हिमांशु जांगड़ा की आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद दोनों की काफी आलोचना हुई। विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु की कंपनी ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से हटा दिया था।
