जंतर-मंतर प्रदर्शन पर दिलजीत दोसांझ का जवाब, बोले- मैं कलाकार हूं, राजनीति से मुझे दूर रखो

मनोरंजन: सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रदर्शन को लेकर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान जब एक फैन ने उनसे इस प्रदर्शन और उस पर उनकी राय के बारे में पूछा, तो दिलजीत ने बेहद साफ शब्दों में कहा कि उनका राजनीति या किसी भी तरह के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ एक कलाकार हैं और चाहते हैं कि उन्हें ऐसे विवादों से दूर रखा जाए। दिलजीत ने कहा, “भाई, मुझे प्रदर्शन जैसी चीजों से दूर ही रखो। मैं एक कलाकार हूं, मैं कोई नेता नहीं हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं, इसका उन्हें अंदाजा नहीं है, लेकिन वे खुद को केवल मनोरंजन की दुनिया तक सीमित रखना चाहते हैं। बातचीत के दौरान दिलजीत ने गुरु ग्रंथ साहिब की पंक्ति “नानक दुखिया सब संसार, सो सुखिया जिस नाम अधार” का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में सब कुछ कभी पूरी तरह ठीक नहीं हो सकता। उन्होंने विवाद पर विस्तार से बोलने से बचते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि जो लोग प्रदर्शन कर रहे हैं उन्हें भी बधाई और जिनके खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है उन्हें भी बधाई, क्योंकि उन्हें इस पूरे मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। दिलजीत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके 2020-21 के किसान आंदोलन के समर्थन की भी चर्चा शुरू हो गई है, जब उन्होंने खुलकर किसानों का साथ दिया था। हालांकि हाल के समय में उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करने से दूरी बना ली है और पहले भी राजनीति में आने से साफ इनकार कर चुके हैं। फिलहाल दिलजीत अपने ‘ऑरा टूर 2026’ के तहत दुनियाभर में म्यूजिक कॉन्सर्ट कर रहे हैं और अपने संगीत व फिल्मों पर पूरा ध्यान दे रहे हैं।

Related posts