देश : भारतीय नौसेना ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए अदन की खाड़ी में समुद्री लुटेरों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। बुधवार रात भारतीय युद्धपोत INS त्रिकंड ने व्यापारी जहाज MV Golden Arsenal पर हो रहे संभावित समुद्री डकैती के हमले को समय रहते विफल कर दिया। इस जहाज पर भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण कार्गो लदा हुआ था और चालक दल में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। जैसे ही समुद्री लुटेरों ने जहाज पर चढ़ने की कोशिश की, क्रू मेंबर्स ने तुरंत खुद को सुरक्षित कमरे में बंद कर लिया और रेडियो के जरिए भारतीय नौसेना को मदद का संदेश भेजा। सूचना मिलते ही मिशन पर तैनात INS त्रिकंड पूरी रफ्तार से मौके पर पहुंचा। युद्धपोत और उसके साथ मौजूद मार्कोस कमांडो को देखते ही समुद्री लुटेरे घबरा गए और मौके से फरार हो गए। इसके बाद मार्कोस कमांडो ने जहाज पर चढ़कर पूरी तलाशी ली और उसे पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया। इस घटना में किसी भी चालक दल के सदस्य के घायल होने या जहाज को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है। उस समय जहाज अदन की खाड़ी में डीजिबूती से करीब 300 नॉटिकल मील पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में मौजूद था। भारतीय नौसेना के मुताबिक, समुद्री व्यापार की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों को सुरक्षित रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में यह तीसरी बार है जब भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों की कोशिश को नाकाम किया है। इससे पहले 19 जून को INS त्रिकंड ने MV Fareeda 5 और 27 मई को INS Kolkata ने MV Mashallah 1 को संभावित समुद्री डकैती से सुरक्षित बचाया था। लगातार सफल अभियानों से भारतीय नौसेना ने यह संदेश दिया है कि हिंद महासागर क्षेत्र में किसी भी तरह की समुद्री डकैती या सुरक्षा चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वह पूरी तरह तैयार है।
अदन की खाड़ी में इंडियन नेवी का बड़ा एक्शन, INS त्रिकंड ने समुद्री लुटेरों की साजिश की नाकाम, मार्कोस कमांडो देखते ही भागे डाकू
