वॉट्सएप का नया यूजरनेम फीचर: अब ‘यूजरनेम की’ के बिना नहीं भेज पाएंगे मैसेज, जानिए कैसे सुरक्षित रहेगा आपका डेटा

न्यू दिल्ली  : अगर आप वॉट्सएप इस्तेमाल करते हैं तो आने वाले समय में आपके लिए बड़ा बदलाव होने वाला है। वॉट्सएप अपने नए यूजरनेम फीचर को धीरे-धीरे दुनियाभर में रोलआउट कर रहा है। लेकिन इस फीचर को लेकर केंद्र सरकार ने संभावित फ्रॉड और साइबर ठगी की आशंका जताते हुए मेटा को नोटिस भेजा था। इसके बाद कंपनी ने यूजर्स की सुरक्षा को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की है और बताया है कि नया सिस्टम किस तरह काम करेगा।

वॉट्सएप के मुताबिक यूजरनेम बनाना पूरी तरह से वैकल्पिक होगा। यानी अगर आप चाहें तो पहले की तरह सिर्फ मोबाइल नंबर से भी ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि जो लोग अपना फोन नंबर छिपाकर बातचीत करना चाहते हैं, उनके लिए यूजरनेम एक नया विकल्प होगा।

कंपनी ने यह भी साफ किया है कि हर पसंदीदा यूजरनेम उपलब्ध नहीं होगा। कई नाम पहले से फेसबुक या इंस्टाग्राम अकाउंट्स के लिए रिजर्व हैं, जबकि सेलिब्रिटीज, सरकारी विभागों और वेरिफाइड अकाउंट्स के नामों को सुरक्षित रखा गया है ताकि कोई उनका गलत इस्तेमाल न कर सके।

सबसे खास फीचर होगा ‘यूजरनेम की’। अगर आप इसे ऑन कर देते हैं, तो कोई नया व्यक्ति सिर्फ आपका यूजरनेम जानकर आपको मैसेज नहीं भेज सकेगा। उसे आपकी अलग से बनाई गई ‘यूजरनेम की’ भी पता होनी चाहिए। यह सुरक्षा की अतिरिक्त परत होगी, जिसे आप कभी भी बदल या रीसेट कर सकते हैं।

वॉट्सएप ने यह भी बताया कि यूजरनेम को सर्च करने की सुविधा नहीं होगी, जिससे अनजान लोगों के लिए किसी तक पहुंचना आसान नहीं रहेगा। अगर किसी अनजान यूजरनेम से मैसेज आता है, तो ऐप उस अकाउंट के देश की जानकारी और एक सुरक्षा चेतावनी भी दिखाएगा। साथ ही ब्लॉक और रिपोर्ट किए गए अकाउंट्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अगर आप चाहें तो अपने फेसबुक या इंस्टाग्राम अकाउंट को लिंक करके वही यूजरनेम ले सकते हैं, लेकिन यह अनिवार्य नहीं होगा। यूजरनेम बाद में बदला भी जा सकेगा, बशर्ते नया नाम उपलब्ध हो। कंपनी ने इंटरनेट पर लोकप्रिय नामों को पहले से बुक कराने वाले दावों को पूरी तरह अफवाह बताया है।

फिलहाल यूजरनेम रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है और आने वाले महीनों में यह फीचर सभी यूजर्स तक चरणबद्ध तरीके से पहुंचेगा। कंपनी का कहना है कि सरकार और यूजर्स के सुझावों के आधार पर इसे और सुरक्षित बनाकर इस साल के अंत तक पूरी तरह रोलआउट किया जाएगा।

Related posts