मुंह के छाले या ओरल कैंसर? जानिए कब साधारण समस्या बन सकती है बड़ा खतरा

दिल्ली: क्या आपके मुंह में बार-बार छाले हो जाते हैं? या मसूड़ों में सूजन और दर्द लंबे समय तक बना रहता है? अगर हां, तो इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। हालांकि अधिकांश मामलों में मुंह के छाले और मसूड़ों की सूजन सामान्य कारणों से होती है, लेकिन कुछ स्थितियों में ये ओरल कैंसर के शुरुआती संकेत भी हो सकते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, खराब ओरल हाइजीन, दांतों पर प्लाक और टार्टर जमना, संक्रमण, चोट, धूम्रपान, डायबिटीज, हार्मोनल बदलाव, विटामिन B12, फोलेट और आयरन की कमी जैसी वजहों से मसूड़ों में सूजन और मुंह में छाले हो सकते हैं। सामान्य तौर पर हल्की सूजन 3 से 10 दिन में और सामान्य छाले 1 से 2 सप्ताह के भीतर ठीक हो जाते हैं।

लेकिन यदि छाला दो सप्ताह से अधिक समय तक ठीक न हो, लगातार दर्द बना रहे, बार-बार खून आए, मुंह में सफेद या लाल धब्बे दिखाई दें, निगलने या बोलने में परेशानी हो, या गर्दन में गांठ महसूस हो, तो तुरंत दंत चिकित्सक या कैंसर विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए। ऐसे लक्षण ओरल कैंसर की ओर इशारा कर सकते हैं।

विशेषज्ञ बताते हैं कि तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब का सेवन, खराब मौखिक स्वच्छता और एचपीवी संक्रमण ओरल कैंसर के प्रमुख जोखिम कारक हैं।

ओरल कैंसर से बचाव के लिए दिन में दो बार ब्रश करें, नियमित फ्लॉस करें, तंबाकू और धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाएं, संतुलित आहार लें और हर छह महीने में एक बार डेंटल चेकअप जरूर कराएं।

याद रखें, समय पर पहचान और इलाज से ओरल कैंसर को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए यदि कोई भी लक्षण लंबे समय तक बना रहे, तो उसे नजरअंदाज बिल्कुल न करें।

Related posts