मुंबई: अजय देवगन एक बार फिर दर्शकों को विजय सलगांवकर के किरदार में रोमांच और सस्पेंस से भरपूर सफर पर ले जाने के लिए तैयार हैं। सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का तीसरा पार्ट जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही इसे लेकर फैंस की एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है। अब फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर भी अनुमान सामने आने लगे हैं।
पहले दिन कितनी कमाई करेगी ‘दृश्यम 3’?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार ओपनिंग कर सकती है। पिंकविला की रिपोर्ट में फिल्म के पहले दिन करीब 60 करोड़ रुपये कमाने का अनुमान जताया गया है। वहीं, कोईमोई के मुताबिक फिल्म की ओपनिंग 45 से 50 करोड़ रुपये के बीच रह सकती है।
अगर फिल्म 45 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग करने में सफल रहती है, तो यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग में शामिल हो जाएगी।
‘सिंघम अगेन’ का रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद
अजय देवगन की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ ने पहले दिन करीब 43.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में अगर ‘दृश्यम 3’ 45 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग करती है, तो यह ‘सिंघम अगेन’ को पीछे छोड़ सकती है।
फिल्म की रिलीज के लिए 2 अक्टूबर का दिन चुना गया है। गांधी जयंती के मौके पर नेशनल हॉलिडे होने की वजह से मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर इसका फायदा मिलने की उम्मीद है। छुट्टी के साथ-साथ ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता फिल्म की कमाई को और मजबूत कर सकती है।
अजय देवगन के साथ नजर आएंगे ये सितारे
‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन के अलावा तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, कमलेश सावंत, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। फिल्म की कास्ट को लेकर भी काफी समय से चर्चा बनी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले अक्षय खन्ना फिल्म का हिस्सा बनने वाले थे, लेकिन क्रिएटिव डिफरेंसेज और उनके किरदार के लुक में बदलाव को लेकर उन्होंने प्रोजेक्ट छोड़ दिया। इसके बाद जयदीप अहलावत की फिल्म में एंट्री हुई।
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का रहा है शानदार रिकॉर्ड
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। पहला पार्ट 2015 में रिलीज हुआ था और इसकी कहानी, सस्पेंस और क्लाइमेक्स को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
इसके बाद 2022 में ‘दृश्यम 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने के साथ दर्शकों और समीक्षकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया हासिल की।
अब तीसरे पार्ट में विजय सलगांवकर की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचती है, इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्सुकता है। ट्रेलर के बाद फिल्म को लेकर बज और बढ़ गया है और अब नजरें इसके 2 अक्टूबर के बॉक्स ऑफिस ओपनिंग डे कलेक्शन पर टिकी हैं।
