गोंडा के व्यापारी की KGMU में मौत, मंत्री संजय निषाद धरने पर बैठे: बोले- हत्यारे पकड़े या एनकाउंटर करें

LUCKNOW: गोंडा के परसपुर में धारदार हथियारों से हुए हमले में घायल बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की लखनऊ के KGMU में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे व्यापारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मंत्री संजय निषाद KGMU पहुंचे और पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए।

मंत्री संजय निषाद ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पुलिस हत्यारों को पकड़े, नहीं तो उनका एनकाउंटर करे। उनके साथ बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी भी मौजूद रहे।

दरअसल, 45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी बुधवार रात करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में 8 से 10 लोगों ने उन्हें रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को पहले परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर हालत गंभीर होने पर लखनऊ KGMU रेफर किया गया।

गुरुवार दोपहर उनकी मौत हो गई।

मामले में गोंडा पुलिस ने शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह समेत आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ कथित भड़काऊ पोस्ट को लेकर आरोपी पक्ष और विनोद के बीच रंजिश थी।

वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परसपुर थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह को निलंबित कर दिया है।

मंत्री संजय निषाद ने थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की मांग रखी।

मंत्री ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 11 सितंबर को गोंडा एसपी कार्यालय और आवास का घेराव किया जाएगा। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।

Related posts